वृंदावन में शुक्रवार को हुए नाव हादसे में पंजाब के मोगा जिले के एक परिवार की महिला की मौत हो गई। इस घटना में मोगा निवासी सपना हंस (उम्र करीब 50-55 वर्ष) ने अपनी जान गंवा दी, जबकि परिवार की दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार के सदस्य दो अलग-अलग नावों में सवार थे। एक नाव में सपना हंस, रीमा हंस और सरोज रानी थीं। दूसरी नाव में अनिल हंस और उनकी भतीजी नेहा हंस अन्य लोगों के साथ मौजूद थे। 8 अप्रैल को थी सपना हंस की शादी की सालगिरह
जानकारी के मुताबिक, मोगा का हंस परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ 9 अप्रैल को जगराओं से वृंदावन घूमने गया था। वे 10 अप्रैल को दोपहर 12 बजे वृंदावन पहुंचे थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि 8 अप्रैल को ही सपना हंस और अनिल हंस की शादी की सालगिरह थी। इस खुशी के दो दिन बाद ही यह हादसा हो गया। हादसे का शिकार बनी नाव में सवार सपना हंस की मौत हो गई। रीमा हंस और सरोज रानी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी नाव में सवार अनिल हंस और नेहा हंस पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। किसी कारणवश देवर नहीं जा सका वृंदावन
मृतक सपना हंस के देवर ट्विंकल हंस ने बताया कि उनके बड़े भाई अनिल हंस और भाभी की 8 अप्रैल को शादी की सालगिरह थी। उन्होंने बताया कि वे भी वृंदावन जाने वाले थे, लेकिन किसी कारणवश समय पर नहीं जा सके। उनकी पत्नी और भतीजी इस यात्रा में साथ गई थीं। दिल्ली में रह रहा उनका बेटा वृंदावन के लिए रवाना
मृतक सपना हंस के दो बेटे हैं, जिनमें से एक विदेश में रहता है और दूसरा दिल्ली में। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली में रह रहा उनका बेटा तुरंत वृंदावन के लिए रवाना हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी मोगा से वृंदावन के लिए निकल चुके हैं।
Source link