गुना के नानाखेड़ी मंडी गेट के पास फायरिंग करने वाले आरोपी को पकड़ने का एक वीडियो सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने शटर के नीचे घुसकर आरोपी को पकड़ा था। एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते एक वाहन दुकान संचालक पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसी दौरान उसका हाथ नीचे कर दिया गया, जिससे किसी को गोली नहीं लगी। बता दें कि राधा कॉलोनी निवासी संजीव जैन की नानाखेड़ी मंडी गेट के पास पुरानी गाडिय़ां खरीदने-बेचने की दुकान है। गुरुवार को संजीव अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी शाम 4 बजे अचानक एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए बाइक से वहां पहुंचा। आरोपी ने चिल्लाते हुए संजीव को ललकारा और कहा, मैं बताता हूं तुझे, तू बहुत बड़ा गुंडा बनता है। इतना कहते ही आरोपी ने पिस्तौल निकाली और करीब 20 फीट की दूरी से संजीव को निशाना बनाकर दनादन दो फायर झोंक दिए। संजीव ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचाया, जिससे दोनों गोलियां उन्हें छुए बिना दुकान की दीवार में जा धंसी। हमलावर ने जैसे ही तीसरा फायर करने की कोशिश की, गोली पिस्तौल के चैंबर में ही फंस (मिसफायर) गई। तीसरा फायर अटकते ही आरोपी छोटू बैरागी घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन दुकानदार संजीव जैन ने हार नहीं मानी और शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को घेर लिया। अपनी जान की परवाह न करते हुए संजीव ने आरोपी को पकडक़र दुकान के अंदर धकेला और बाहर से शटर गिराकर उसे कैद कर दिया। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी अब भी दुकान के अंदर ही था। कैंट पुलिस के एक आरक्षक ने शहर को नीचे से थोड़ा ऊपर उठाया, लेकिन आरोपी अभी भी गुस्से में था। उसके हाथ में पिस्तौल भी थी। पुलिस टीम ने जान की परवाह किए बिना शटर को ऊपर उठाया और एकदम से अंदर घुसी। आरक्षक और TI ने आरोपी को पकड़ लिया। उसके पकड़ने की पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। देर शाम कैंट थाने में आरोपी छोटू बैरागी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। SP हितिका वासल ने बताया कि अभी एक फायरिंग का मामला सामने आया है। जिसमें पुरानी रंजिश और एक्सीडेंट को लेकर एक व्यक्ति ने दुकान के बाहर फायरिंग की। जिसमें पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। इसमें पुलिस सख्त कार्रवाई करते हुए 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी से शस्त्र कहां से लेकर आया है उसको लेकर पूछताछ कर रही है।
Source link