अलवर जिले में शादी का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। दिल्ली रोड स्थित जनता कॉलोनी निवासी विक्रमजीत ने कोर्ट में परिवाद पेश कर तीन महिलाओं पर धोखाधड़ी, जहर देने का प्रयास, चोरी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित विक्रमजीत ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली महिला बबली कौर के माध्यम से उसकी पहचान पिंकी कौर से हुई थी। पिंकी ने उसे बताया कि वह शादियां करवाती है और अपनी भांजी रेखा कौर से उसका विवाह करवा सकती है। जब विक्रमजीत ने रेखा के पहले से शादीशुदा होने की बात कही तो पिंकी ने भरोसा दिलाया कि उसका तलाक हो चुका है और जल्द ही कोर्ट से भी कागजी कार्रवाई पूरी हो जाएगी। विश्वास में आकर 9 मई 2025 को विक्रमजीत को कोर्ट बुलाकर रेखा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का एग्रीमेंट तैयार कराया गया। इसके बाद 26 मई 2025 को 60 फीट रोड स्थित गुरुद्वारे में दोनों की शादी करवा दी गई। शादी के कुछ दिनों बाद ही रेखा का व्यवहार बदल गया और वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगी। जांच करने पर विक्रमजीत को पता चला कि रेखा का अपने पहले पति से तलाक हुआ ही नहीं था और यह पूरा एक सुनियोजित षड्यंत्र था। आरोप है कि 23 जून 2025 को रेखा ने विक्रमजीत की बीमार मां को खिचड़ी में फिनाइल मिलाकर खिला दी, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उसी दिन रेखा मौका पाकर घर की अलमारी में रखे रखे सोने-चांदी के जेवरात व करीब 30 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई। फोन करने पर पिंकी ने बताया कि रेखा उनके साथ है और उन्होंने खुद स्वीकार किया कि वे इस तरह लोगों को फंसाकर लूटपाट करते हैं। आरोप है कि जनवरी 2026 में फिर से फोन कर आरोपियों ने 3 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे पहले भी कई लोगों को इसी तरह फंसा चुके हैं।
विक्रमजीत ने बताया कि उसने पहले थाना अरावली विहार में शिकायत दी और बाद में पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर उसने कोर्ट में परिवाद पेश किया है।
Source link