शोभायात्रा में केरल, पंजाब और नेपाल का दिखेगा नृत्य:हनुमान जयंती पर सागर में निकाली जाएगी शोभायात्रा, मां काली की झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र




सागर में गुरुवार को हनुमान जयंती मनाई जाएगी। हनुमान जयंती के मौके पर सुबह से बालाजी हनुमान मंदिर, गढ़पहरा हनुमान मंदिर, दादा दरबार, पहलवान बब्बा, परेड मंदिर समेत अन्य हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। शाम को धर्म रक्षा संगठन के तत्वावधान में 22वें साल में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में 7 ट्रॉलियों पर 7 चलित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दिल्ली की राधा-कृष्ण झांकी सखियों संग रासलीला प्रस्तुत करेगी। वहीं मां काली के महिषासुर मर्दिनी नृत्य की प्रस्तुति होगी। गाजियाबाद की चार महाकालियों का चलित नृत्य, कानपुर से नंदी-अघोरी व शंकरजी समेत 10 कलाकारों की टीम शहर के प्रमुख चौराहों पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा कालपी के बाहुबली शंकरजी और इंदौर के बाहुबली हनुमानजी भी शोभायात्रा में शामिल रहेंगे।
महाआरती और हनुमान चालीसा का होगा पाठ
शोभायात्रा सदर स्थित सिद्धेश्वर मंदिर कछयाना से शुरू होगी जो सदर के मुख्य मार्गों से होकर कबूलापुल, भगवानगंज, राहतगढ़ बस स्टैंड पुल, माता मढ़िया से कटरा बाजार होते हुए तीनबत्ती तिराहे पर पहुंचेगी। जहां विशाल मंच पर तीन राज्यों से आई विशेष झांकियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शोभायात्रा का समापन महाआरती, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ होगा।
शोभायात्रा में शामिल होंगे राजस्थान से आए ऊंट
हनुमान प्रकटोत्सव पर सर्व सिद्धेश्वर हनुमान समिति चंपाबाग के तत्वावधान में शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में पंजाब, केरल और नेपाल के पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। विशेष रूप से केरल की प्रसिद्ध थेय्यम झांकियां लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहेंगी। केरल से आए 15 कलाकार ढोल-नगाड़ों की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। वहीं राजस्थान से आए 7 ऊंट भी शोभायात्रा में शामिल होंगे। यात्रा चंपाबाग मंदिर से शुरू होकर बड़ा बाजार, कोतवाली, तीनबत्ती, कटरा बाजार से होकर निकलेगी। इस दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *