संगरूर जिले के गांव किला भरियां की बेटी गगन पायलट बन गई हैं। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों के हार पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। गगन ने बताया कि उन्होंने इस मुकाम को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की है। उनका मानना है कि जो भी व्यक्ति मेहनत करता है, उसे सफलता अवश्य मिलती है। शुरुआत में कुछ कठिनाइयां आती हैं, लेकिन दृढ़ संकल्प से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कड़ी मेहनत का मिला परिणाम गगन ने बताया कि उन्होंने पायलट बनने के लिए तीन साल कड़ी मेहनत की। इस दौरान उन्हें अपने परिवार का पूरा सहयोग मिला। उनके माता-पिता ने हमेशा उनका समर्थन किया और कभी किसी बात के लिए मना नहीं किया, क्योंकि वे उनकी मेहनत पर विश्वास करते थे। पायलट बेटी ने दिया संदेश गगन ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है और उनका परिवार भी बेहद खुश है। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि आज के समय में लड़के और लड़कियों में कोई अंतर नहीं है, बल्कि लड़कियां भी कड़ी मेहनत से अपने माता-पिता का नाम रोशन कर रही हैं। गगन ने अभिभावकों से अपनी बेटियों को कम न समझने और उन्हें पूरा सहयोग देने की अपील की।
Source link