सर्विलांस के जाल में फंसा 250 मोबाइल चुराने वाला छोटू:नालंदा पुलिस ने ससुराल से पकड़ा; चोरी का सामान खरीदने वाला तीन दुकानदार भी गिरफ्तार




नालंदा जिले में पुलिस ने घरों और फ्लैटों में सेंधमारी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ई-रिक्शा चलाने की आड़ में लंबे समय से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। इस गिरोह का मुख्य सरगना सोहसराय थाना क्षेत्र के महुआ टोला निवासी मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ छोटू है, जो दिन में ई-रिक्शा चलाकर शहर के सूने पड़े घरों की रेकी करता था। मौका मिलते ही हाथ साफ कर देता था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शाहनवाज आलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए अपने ससुराल किशनगंज में छिपा था। साथ चोरी का सामान खरीदने वाले तीन मोबाइल दुकानदारों को भी दबोचा है, जो रामचंद्रपुर इलाके में अपनी दुकान चलाते हैं। ससुराल में छिपा था आरोपी मुख्य आरोपी शाहनवाज की गिरफ्तारी की कहानी भी फिल्मी रही। पुलिस ने उसे किशनगंज स्थित उसके ससुराल से गिरफ्तार किया, जहां वह पिछले 20 दिनों से छिपा हुआ था। चोरी की एक अन्य घटना के दौरान भागते समय उसका पैर टूट गया था, जिसके बाद वह इलाज और छिपने के लिए ससुराल चला गया था। पूछताछ में शाहनवाज ने कबूला कि वह बचपन से ही अपराध की दुनिया में है और अब तक रविंद्र और जितेंद्र नाम के दुकानदारों को 250 से अधिक मोबाइल और दर्जनों लैपटॉप बेच चुका है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के 6 लैपटॉप और 32 मोबाइल बरामद किए हैं। बंद फ्लैट से लैपटॉप चोरी पूरे गिरोह का खुलासा बीते 22 फरवरी को लहेरी थाना क्षेत्र के पटेल नगर में हुई एक चोरी की घटना के बाद हुआ। सदर अस्पताल में कार्यरत संदीप कुमार के फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने लैपटॉप, वाई-फाई राउटर और अन्य कीमती सामान उड़ा लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक के निर्देश पर अनुसंधानकर्ता नीतीश रंजन ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने चोरी किए गए उपकरणों को सर्विलांस पर डाल दिया। जैसे ही पावापुरी के विवेक कुमार ने चोरी का मोबाइल इस्तेमाल करना शुरू किया, पुलिस ने उसे धर दबोचा। विवेक से हुई कड़ी पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि उसे यह मोबाइल शाहनवाज उर्फ छोटू ने बेचा था।
मोबाइल रिपेयरिंग दुकान चलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी निवासी रविंद्र कुमार, दीपनगर के गढ़पर दीपनगर जितेंद्र कुमार उर्फ चायनीज और पावापुरी ओपी क्षेत्र के बकरा निवासी विवेक कुमार शामिल है। ये तीनों आरोपी रामचंद्रपुर में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं और चोरी का सामान सस्ते दामों पर खरीदकर खपाते थे। छापेमारी टीम में निशा भारती, सर्वेश कुमार, नीतीश रंजन और चंदन कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस थानाध्यक्ष ने बताया कि शाहनवाज का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ लहेरी, बिहारशरीफ और सोहसराय थानों में पहले से कई मामले दर्ज है। फिलहाल पुलिस उसके साथियों और अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *