सांभर में पालकी में निकली भगवान हनुमान की सवारी:हाथों में भगवा ध्वज लिए नाचे भक्त, कलाकारों ने दिखाए करतब, फूलों से सजाई झांकियां




सांभर लेक में शुक्रवार देर शाम हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सिंघानिया मोहल्ला स्थित खेड़ापति बालाजी मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इनमें महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे, जिससे पूरा शहर भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर नजर आया। शोभायात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। बैंड-बाजों और डीजे की भक्तिमय धुनों के बीच यह यात्रा सिंघानिया मोहल्ला से रवाना होकर शहर के प्रमुख रास्तों जैसे नया बस स्टैंड, न्यू मार्केट, पांच बत्ती, बड़ा बाजार और छोटा बाजार से गुजरी। पूरे रास्ते “जय श्री राम” और “बजरंगबली की जय” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में आकर्षक और मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें भगवान काले हनुमान को जीवंत रूप में दर्शाया गया था, जिन्हें देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों और युवाओं ने इन झांकियों के साथ सेल्फी लेकर इस क्षण को यादगार बनाया। शोभायात्रा के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और स्वयंसेवकों ने सेवा भाव से शरबत, आइसक्रीम, ठंडाई और मिल्क रोज जैसे पेय पदार्थों की व्यवस्था की। भीषण गर्मी के बावजूद इन सेवाओं का श्रद्धालुओं ने भरपूर लाभ उठाया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। टोडा रायसिंह के अखाड़ा दलों द्वारा प्रस्तुत किए गए हैरतअंगेज करतब भी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहे। अखाड़ाबाजों ने तलवारबाजी, लाठी और आग के करतब सहित कई रोमांचक प्रदर्शन किए। इन प्रदर्शनों को देखकर दर्शक दंग रह गए और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लिए भक्ति में लीन दिखाई दिए। महिलाएं भजन गाते हुए चल रही थीं, जबकि युवा डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग पर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे यह भव्य आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन ने सांभर में धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *