सागर के नरयावली थाना क्षेत्र के जरुआखेड़ा के पास शुक्रवार शाम मोड़ पर कथित दुर्घटना में बाइक सवार युवती की संदिग्ध मौत हो गई। युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। घटनाक्रम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए युवक पर युवती को ब्लैकमेल करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कार्रवाई करने की मांग की। रेलिंग से टकरा गई थी बाइक
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम वर्ग विशेष का युवक और 22 वर्षीय युवती बाइक पर सवार होकर जरुआखेड़ा की ओर जा रहे थे। तभी उनकी बाइक अनियंत्रित हुई और पुल की रेलिंग से टकरा गई। घटना में सिर में गंभीर चोट लगने से युवती की मौत हो गई, लेकिन युवक को कोई चोट नहीं आई। अस्पताल पहुंचे मृतका के परिजन ने बताया कि युवती की 21 अप्रैल को शादी होने वाली थी। परिवार के सदस्य रिश्तेदारों में कार्ड बांटने गए थे। तभी पता चला कि युवती का एक्सीडेंट हो गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त युवक मृतका को परेशान कर रहा था। उसने ब्लैकमेल कर उसे मिलने के लिए बुलाया होगा। हो सकता है कि वह उसे भगाकर ले जा रहा हो। मामले में उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही
घटनाक्रम सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। अस्पताल में परिजन को समझाइश देकर शांत कराया गया। युवक को पुलिस अपने साथ ले गई है। जहां उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। घटनाक्रम की सूचना हिंदू नेता भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने युवती की मौत को संदिग्ध बताते हुए कार्रवाई की मांग की। हालांकि पुलिस मामले में जांच कर रही है। कल (शनिवार) शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। नरयावली थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह जोहरिया ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवती की मौत हुई है। मौके पर जाकर जांच की है, जहां सामने आया कि बाइक पुल की रेलिंग से टकराई थी। घटना में युवती के सिर में गंभीर चोट लगी थी। हालांकि मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link