सिंगरौली शहर के व्यस्त टाकीज चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती पल्सर मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। यह घटना कप्तान मोबाइल शॉप के सामने हुई। आग लगते ही चालक ने बाइक खड़ी कर दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण शुरुआत में उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र में मौजूद पुलिस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के दुकानदारों से अग्निशमन उपकरण लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस टीम पहले से ही तिराहे पर मौजूद थी, जिसके चलते तुरंत कार्रवाई की गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। हालांकि, पल्सर मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
Source link