बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 में एक बार फिर सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने अपनी पहचान को साबित कर दिया है। 7 सालों के लंबे इंतजार के बाद विद्यालय की छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने स्टेट टॉपर बनकर न सिर्फ अपने स्कूल,बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में स्थापित इस विद्यालय को एक बार फिर ‘टॉपर की फैक्ट्री’ कहा जाने लगा है। पुष्पांजलि की इस उपलब्धि के साथ ही अभिनव ने 97% और सुरभि ने 96.20% अंक हासिल कर टॉप सूची में जगह बनाई। विद्यालय के कुल 104 छात्रों में से 10 छात्रों ने 95% से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 68 छात्रों ने 90% से ज्यादा अंक लाकर शानदार प्रदर्शन किया। रिजल्ट से जुड़ी कुछ तस्वीरें देखिए…. शिक्षकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला खास बात यह रही कि 102 छात्र 80% से ऊपर अंक लाने में सफल रहे और अंतिम स्थान पर रहने वाले छात्र ने भी 74.60% अंक हासिल किए। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल है। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दैनिक भास्कर की टीम ने जब विद्यालय पहुंचकर छात्रों से बातचीत की, तो सभी ने पुष्पांजलि की मेहनत और व्यक्तित्व की जमकर सराहना की। कक्षा 7 की छात्रा सौम्या भारती ने बताया कि पुष्पांजलि का व्यवहार बेहद सरल और प्रेरणादायक रहा है। उन्हें पहले से ही उम्मीद थी कि वह टॉपर बनेंगी। सात वर्षों से स्कूल से कोई टॉपर नहीं आ रहा था सौम्या ने कहा कि अब विद्यालय के छात्र-छात्राएं पुष्पांजलि को अपना आदर्श मानकर उनके रास्ते पर चलने की कोशिश करेंगे। वहीं, छात्रा जया लक्ष्मी ने कहा कि पिछले सात वर्षों से स्कूल से कोई टॉपर नहीं आ रहा था, जिससे एक कमी महसूस होती थी। लेकिन अब यह सिलसिला टूट गया है और सभी छात्र-छात्राओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। छात्रा तन्वी ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता उन सभी धारणाओं को तोड़ती है, जिनमें कहा जा रहा था कि विद्यालय की गुणवत्ता गिर रही है। उन्होंने बताया कि टॉप-10 में तीन छात्रों का आना इस बात का प्रमाण है कि सिमुलतला आज भी टॉपर्स देने में सक्षम है। पुष्पांजलि काफी पढ़ने में तेज विद्यालय के प्रिंसिपल डॉक्टर राजीव रंजन ने बताया कि हमारे स्कूल की तीन स्टूडेंट टॉप टेन में आया है। पुष्पांजलि पढ़ने में काफी तेज है। कुछ साल लग गए लेकिन यहां के बच्चे हमेशा अच्छे करते है।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह आज भी टॉपर्स की फैक्ट्री है।
Source link