सीएम का नया टैलेंट, 50 सेकेंड में बांधा साफा:शिवराज का कांग्रेस पर म्यूजिकल तंज; विजयवर्गीय के भाषण में विधायक को नींद ने सताया




मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सीएम डॉ. मोहन यादव का एक और टैलेंट
कभी तलवार घुमाते, कभी लट्ठ से प्रदर्शन करते तो कभी योग के कठिन आसन करते… मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। अब उनका एक और टैलेंट सामने आया है। सीएम ने खुद अपने हाथों से महज 50 सेकेंड में सिर पर साफा बांध लिया। सीएम यादव हाल ही में हरदा के दौरे पर पहुंचे थे, जहां पूर्व मंत्री कमल पटेल उन्हें साफा पहनाकर स्वागत करने आए थे। सीएम ने साफा अपने हाथ में लिया और फिर अपनी ही स्टाइल में सिर पर बांधना शुरू किया। उन्होंने 50 सेकेंड में अपने सिर पर साफा सजा लिया। यह देखकर मंच पर मौजूद लोग और सभा में उपस्थित लोग तालियां बजाते नजर आए। एमपी कांग्रेस के नेताओं को तवज्जो नहीं
कांग्रेस ने चुनाव वाले तीन राज्यों- केरल, असम और पुडुचेरी के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, लेकिन इसमें मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को खास तवज्जो नहीं मिली। एमपी से केवल एक ही नाम शामिल किया गया। झाबुआ से कांग्रेस विधायक और आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को असम में स्टार प्रचारक बनाया गया है। इस सूची में न तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का नाम है, न ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को भी स्टार प्रचारकों में जगह नहीं दी गई। अब भाजपा तंज कस रही है कि एमपी कांग्रेस के नेताओं को उनकी अपनी ही पार्टी तवज्जो नहीं दे रही। इधर, असम में ही प्रचार कर रहे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा- कांग्रेस की हालत तो ऐसी हो गई है कि इस दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा। मंच पर बीजेपी विधायक को नींद ने सताया
नीमच के जावद में आयोजित कृषि प्रशिक्षण शिविर के मंच पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भाषण देते रहे, और इसी दौरान मंच पर मौजूद भाजपा विधायक दिलीप सिंह परिहार को नींद सताती रही। इधर कैलाश विजयवर्गीय बोल रहे थे, उधर विधायक कभी झपकी लेते तो कभी लंबी उबासी लेते नजर आए। वे बीच-बीच में घड़ी भी देखते रहे, मानो मन ही मन कह रहे हों- ये भाषण कब खत्म होगा यार। अब लोग विधायक के इस वीडियो को शेयर कर चटकारे ले रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि एक तरफ मंत्री विजयवर्गीय किसानों को खेती को लेकर जागरूक कर रहे थे, लेकिन उनका भाषण विधायक के लिए लोरी साबित हुआ। तभी तो वे नींद के आगोश में नजर आए। ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिले जयभान पवैया
मध्य प्रदेश में राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष बनने के बाद जयभान सिंह पवैया दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिले। पवैया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा- ज्योतिरादित्य सिंधिया अर्थशास्त्र के विद्यार्थी भी रहे हैं, इस नाते वित्तीय मामलों में उनके गंभीर अध्ययन और अनुभव को साझा करने का सुखद अवसर मिला। सिंधिया ने भी दुपट्टा ओढ़ाकर पवैया का स्वागत किया। इससे पहले, जब पवैया को राज्य वित्त आयोग की जिम्मेदारी दी गई थी, तब भी सिंधिया ने उनकी तारीफ की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था- आपके समृद्ध अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व से राज्य के वित्तीय सुदृढ़ीकरण को नई दिशा मिलेगी, ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है। एक वक्त था जब जयभान सिंह पवैया महल के धुर विरोधी माने जाते थे। फिर जब सिंधिया कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए, तो दोनों के दल एक हो गए। अब जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनसे लग रहा है कि दिल भी मिल रहे हैं। खरी बात यह है कि राजनीति की रवायत ही ऐसी है कि यहां न कोई स्थायी दोस्त होता है, न कोई स्थायी शत्रु। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), बबलू किलोरिया (नीमच), रामेंद्र सिंह परिहार (ग्वालियर) ये भी पढ़ें –
सीएम के पास आई भाषण खत्म करने की चिट्‌ठी: दौड़ते हुए आग बुझाने पहुंचे मंत्री छिंदवाड़ा में सीएम डॉ. मोहन यादव मंच से भाषण दे रहे थे, तभी उनके पास भाषण खत्म करने की चिट्ठी आ गई। उन्होंने खुद मंच से चिट्ठी दिखाते हुए इसका जिक्र किया। इससे पहले भाजपा सांसद विवेक बंटी साहू को भी इसी तरह भाषण समाप्त करने के लिए कहा गया। पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *