दमोह में बुधवार रात सुरक्षा गार्ड ने लाइसेंसी बंदुक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मामला देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत राजा पटना बैंक के पास का है। गोली लगने से संतोष राठौर (45) की मौत हो गई। मृतक को रात करीब 11 बजे उनके घर के पोर्च में मृत पाया गया, गोली चलने की आवाज सुनकर जब परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से गोली चलने के कारण उनकी मौत हुई। संतोष राठौर मारुताल स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। घटना के समय परिवार के सदस्य नीचे टीवी देख रहे थे। जबकि संतोष ऊपर पोर्च में था। मृतक के तीन बच्चे हैं और वह अपने भाई व अन्य परिजनों के साथ रहता था। आत्महत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिवार के लोग भी इस घटना से हैरान हैं और उन्हें वजह की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने परिजनों-पड़ोसियों के बयान दर्ज किए घटना की सूचना तत्काल देहात थाना पुलिस को दी गई। देहात थाना टीआई अमित कुमार गौतम और जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों के बयान दर्ज किए और पड़ोसियों से भी जानकारी जुटाई। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि बंदूक साफ करते समय गोली चली होगी। सागर से एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच कर रही है। टीआई बोले-आत्महत्या या हादसा जांच जारी देहात थाना टीआई अमित गौतम ने बताया कि लाइसेंसी बंदूक से गोली चलने से संतोष राठौर की मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या बंदूक साफ करते समय हुई दुर्घटना। शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। आज गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
Source link