सोया तो सोते ही रह गया इंजीनियरिंग का छात्र, निधन:चेहरे से सीने तक काला पड़ा शरीर; भाई जगाने पहुंचा तो पता लगा




बैतूल के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक इंजीनियरिंग छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र दोपहर में अपने घर पर सोया था, लेकिन शाम तक वह नहीं उठा। परिजनों ने जब उसे देखा तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रकाश उइके (28) के रूप में हुई है। वह दोपहर में अपने घर पर सो रहा था। उसके घर में एक किराना दुकान भी है। घटना के समय उसने अपने बड़े भाई को कुछ सामान लेने के लिए बैतूल भेजा था। घर पर उस वक्त प्रकाश और उसके चाचा का लड़का ही मौजूद थे। भाई ने जगाने कोशिश की लेकिन नहीं उठा
शाम करीब 7 बजे जब उसका बड़ा भाई वापस लौटा, तो चाचा के लड़के ने प्रकाश को जगाने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद बड़े भाई राजू को सूचना दी गई। पास जाकर देखने पर पता चला कि प्रकाश की सांसें नहीं चल रही थीं। सोनाघाटी चौकी प्रभारी उत्तम मस्तकार ने बताया कि मृतक के चेहरे से लेकर सीने तक का शरीर काला पड़ा हुआ था। प्रथम दृष्टया सांप के काटने या किसी अन्य अज्ञात कारण से मौत की आशंका जताई जा रही है। इंजीनियरिंग में अंतिम वर्ष का था छात्र
प्रकाश के माता-पिता सेहरा में रहते हैं। प्रकाश उइके इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष का छात्र बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *