हरिद्वार यात्रा अब आसान,भावनगर से जोधपुर होकर चलेगी समर-स्पेशल ट्रेन:3 राज्यों को जोड़ेगी, 35 स्टेशनों पर रुकेगी, 12 अप्रैल से शुरू होगा सफर




रेलवे ने ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भावनगर-हरिद्वार-भावनगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन रविवार 12 अप्रैल से शुरू होगी। अप्रैल और मई माह में आने-जाने के कुल 16 फेरे (8-8 ट्रिप) करेगी। इससे जोधपुर सहित राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के यात्रियों को हरिद्वार के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 09271 भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल 12 अप्रैल से 31 मई तक संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुबह 4:25 बजे भावनगर से रवाना होकर उसी दिन शाम 6:45 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद शाम 6:55 बजे प्रस्थान कर सोमवार दोपहर 3 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में मंगलवार को होगा जोधपुर आगमन इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09272 हरिद्वार-भावनगर साप्ताहिक स्पेशल 13 अप्रैल से 1 जून तक संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को शाम 4:25 बजे हरिद्वार से रवाना होकर मंगलवार सुबह 10:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यहां से सुबह 10:50 बजे रवाना होकर बुधवार सुबह 4:35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी। गर्मी की छुट्टियों में धार्मिक यात्रा करने वालों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत साबित होगी। इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 जनरल और 2 पावर कार सहित कुल 22 डिब्बे होंगे। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सिहोर, धोला, बोटाद, सुरेंद्रनगर गेट, विरमगाम, आम्बली रोड, गांधीनगर कैपिटल, महेसाना, पालनपुर, आबू रोड, पिंडवाड़ा, फालना, मारवाड़ जंक्शन, पाली मारवाड़, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, सिवानी, हिसार, भिवानी, कलानौर कलां, रोहतक, पानीपत, अंबाला कैंट, सहारनपुर एवं रुड़की स्टेशनों पर रुकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *