राजस्थान के तकनीकी शिक्षा जगत में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज झालावाड़ ने वेब सीरीज ‘हीरोज ऑफ पॉलिटेक्निक सीजन 2.0’ का ऑनलाइन आयोजन किया। इस उद्घाटन सत्र में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और राजस्थान के तकनीकी कौशल को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि पॉलिटेक्निक शिक्षा केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि कौशल का वह भंडार है, जो देश की आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राजस्थान सरकार नई शिक्षा नीति 2020 के तहत युवाओं को अधिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए तकनीकी और कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों का विस्तार करेगी। उन्होंने 6 वर्षों के अंतराल के बाद इस पहल को पुनः जीवित करने के लिए टीम को बधाई दी। सीजन 2.0 के पहले एपिसोड में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज कोटा के छात्र आर्यन सिंह ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने अपनी तकनीकी मेधा और नवाचारों से वर्तमान छात्रों को प्रेरित करते हुए बताया कि कैसे एक डिप्लोमा छात्र अपने हुनर के दम पर बड़े सपने देख सकता है और उन्हें पूरा कर सकता है। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा निदेशालय के निदेशक राजेश शर्मा ने पॉलिटेक्निक छात्रों को कमतर आंकने वाले मिथक को तोड़ने पर जोर दिया और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. राजुल गोयल (पूर्व प्राचार्य), प्रशांत जोशी और सौरभ कुमार गौतम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Source link