बांका जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए ट्रैक्टर हादसों में दो ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना रजौन थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी घटना बौसी थाना क्षेत्र में सामने आई है। दोनों ही मामलों के बाद इलाके में शोक का माहौल है। रजौन थाना क्षेत्र के सिंहनान पंचायत अंतर्गत कोड़ली मंडल टोला के पास एक मिट्टी लोडेड ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के गोराडीह निवासी संजय यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संजय यादव ट्रैक्टर से एक स्थान से मिट्टी लोड कर दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। 3 घंटे तक शव को घटनास्थल पर रखकर किया विरोध घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। आक्रोशित परिजनों ने करीब तीन घंटे तक शव को घटनास्थल पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम, जिसमें एसआई विनोद कुमार और संजय कुमार सिंह शामिल थे, ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राज रतन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर पलटने से युवक की हुई मौत वहीं दूसरी घटना बौसी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित महाराणा में हुई, जहां 32 वर्षीय अमानुल्लाह की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। मृतक हाजी असरार के पुत्र बताए जाते हैं। जानकारी के अनुसार, अमानुल्लाह अपने ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतक के छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया।वहीं परिजनों ने प्रशासन को सूचना नहीं दी और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
Source link