5-6 मिनट की देरी से नहीं दे पाए SI परीक्षा:परीक्षा केंद्र में तीन लेयर चेकिंग,कलावा कटवाए, मेटल बटन और जूते तक उतरवाकर दी एंट्री, आसपास की सभी दुकानें बंद करवाई गई




राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2025 का आज दूसरा दिन है। सुबह की पहली पारी में 11 बजे से सामान्य हिंदी का पेपर शुरू हुआ। इसके लिए सुबह 9 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू कर दी गई थी, जबकि निर्धारित समयानुसार 10 बजे सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। देरी से पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिल सका, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। कोटा के इंदिरा गांधी नगर स्थित गवर्नमेंट स्कूल परीक्षा केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। यहां अभ्यर्थियों की तीन स्तर पर सघन जांच की गई। मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मियों ने मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की, इसके बाद स्कूल स्टाफ द्वारा पुनः जांच की गई। किसी भी प्रकार की मेटल वस्तु, कागज या इलेक्ट्रॉनिक सामान को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा केंद्र के आसपास की सभी दुकानों को परीक्षा के समय बंद करवाया गया। जांच के दौरान अभ्यर्थियों के हाथों में बंधे धागे (कलावा) तक कैंची से कटवाए गए। जिन अभ्यर्थियों के शर्ट में मेटल बटन थे, उन्हें शर्ट बदलने के निर्देश दिए गए। फुल स्लीव शर्ट पहनकर आने वालों को भी प्रवेश से रोका गया। वहीं जूते पहनकर आए अभ्यर्थियों को बाहर ही जूते उतरवाने पड़े। जींस पहनकर आने वाले कई कैंडिडेट्स को भी पहले रोका गया, बाद में ड्रेस बदलकर आने पर ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्र के गेट बंद होने के बाद भी कुछ अभ्यर्थी देरी से पहुंचे। एक महिला अभ्यर्थी 5 मिनट लेट होने के कारण परीक्षा नहीं दे सकी और मायूस होकर लौट गई। वहीं सांगोद से बाइक पर आए एक अभ्यर्थी भी 6 मिनट की देरी के चलते परीक्षा से वंचित रह गए। कोटा में यह परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। सुबह 11 से 1 बजे तक हिंदी का पेपर और दोपहर 3 से 5 बजे तक सामान्य ज्ञान का पेपर होगा। जिले में कुल 63 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें करीब 18,600 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि गाइडलाइन के अनुसार सख्ती से जांच की जा रही है और परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *