मुंगेर: मुंगेर के सफिया सराय थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार को उनकी पत्नी मधु कुमारी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना शनिवार देर शाम सफिया सराय थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में हुई, जहां मधु की मौत सब इंस्पेक्टर के सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से हुई थी। शुरुआत में यह बात सामने आई थी कि मधु ने खुदकुशी की है। हालांकि, मधु के परिवार वालों ने सब इंस्पेक्टर चंदन पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता रंजीत कुमार के बयान पर सफिया सराय थाने में मामला दर्ज किया गया है। परिजनों ने मुंगेर के शवदाह गृह में मधु का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका मधु कुमारी समस्तीपुर जिले के विधान थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं, जबकि आरोपी सब इंस्पेक्टर चंदन बेतिया का निवासी है। जानकारी के अनुसार, मधु ने दस वर्षों की मेहनत के बाद अपने परिवार को इंटरकास्ट मैरिज के लिए राजी किया था।
Source link