सीधी शहर के कन्या महाविद्यालय के सामने स्थित हनुमान और शनि देव मंदिर में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। चोर ने दोनों बार वारदात को अंजाम देने से पहले श्रद्धापूर्वक शीश नवाया और पैर छुए फिर भगवान की मूर्तियों से चांदी के मुकुट और कड़े चुरा लिए। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार, चोरी की पहली घटना 9 अप्रैल की रात करीब 1 बजे हुई। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर के बाहर जूते उतारता, गेट को प्रणाम करता और फिर अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। उसने पहले हनुमान जी की मूर्ति के पास जाकर सिर झुकाया। इसके बाद चोर ने हनुमान जी का मुकुट निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। उसने हनुमान जी के गालों को छुआ और फिर पीछे स्थित शनि देव मंदिर की ओर बढ़ा। वहां भी प्रणाम करने के बाद उसने शनि देव का चांदी का मुकुट चुरा लिया। तस्वीरें देखिए… रात में फिर से पहुंचा मंदिर हैरानी की बात यह है कि 12 अप्रैल की रात लगभग उसी समय चोर दोबारा मंदिर पहुंचा। इस बार वह सीधे हनुमान जी के पास गया, उन्हें प्रणाम किया और उनका चांदी का मुकुट तथा हाथों के कड़े चुरा लिए। वारदात के बाद उसने फिर भगवान के चरण स्पर्श किए और आराम से बाहर निकल गया। सोमवार सुबह जब मंदिर के पुजारी पहुंचे, तब इन दोनों चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ। शनि देव और हनुमान जी के आभूषण गायब देखकर मंदिर में हड़कंप मच गया। पुजारी ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link