बड़वानी जिले के अंजड़ में राजपुर रोड पर रविवार देर रात एक सड़क हादसे में एक शिक्षक और दो युवा गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार बाइक ने टहल रहे शिक्षक सेतिया सोलंकी को टक्कर मार दी, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। बाइक सवार दोनों युवाओं को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे अंजड़ के राजपुर रोड पर हुई। शिक्षक सेतिया सोलंकी अपने घर से टहलने के लिए निकले थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार युवा भी गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की FRV 112 वाहन से सभी घायलों को अंजड़ सिविल अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। मेडिकल ऑफिसर डॉ. रोहित मंडलोई ने बताया कि 112 एंबुलेंस के माध्यम से तीन मरीजों – अमित पिता मुन्ना, कार्तिक और सेतिया सोलंकी को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। उन्होंने बताया कि अमित और कार्तिक को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों घायलों को आगे के उपचार के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
Source link