Unnao Farmers Protest | Free Plot Demand UPSIDC Governor Talks


उन्नाव2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उन्नाव के ट्रांस गंगा सिटी क्षेत्र में किसानों द्वारा निःशुल्क प्लॉट उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। इसी क्रम में ग्राम शंकरपुर सराय स्थित किसान कार्यालय पर प्लॉट आवंटन निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए किसान आंदोलन के प्रदेश संयोजक अजय अनमोल ने कहा कि ट्रांस गंगा सिटी में किसानों को निःशुल्क प्लॉट मिलने से उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर वे लगातार प्रयासरत हैं। हाल ही में उन्होंने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर इस विषय पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही लखनऊ में यूपी सीडा (UPSIDC) के वरिष्ठ अधिकारियों से भी वार्ता कर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का आग्रह किया है।

अजय अनमोल ने बताया कि वर्ष 2014 में ही किसानों के हित में शासनादेश जारी हो चुका है। इसके तहत प्रभावित किसानों को सिटी क्षेत्र में निःशुल्क प्लॉट दिए जाने का प्रावधान था। इसके बावजूद अब तक प्लॉट आवंटन में हो रही देरी चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी 1580 किसान परिवारों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए यह कदम अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल किसानों का वर्तमान जीवन स्तर सुधरेगा, बल्कि उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बेहतर भविष्य सुनिश्चित होगा। उन्होंने प्रशासन से प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की मांग की।

बैठक के दौरान किसानों ने अजय अनमोल का स्वागत किया और उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि प्लॉट आवंटन निगरानी समिति की साप्ताहिक बैठक प्रत्येक रविवार को आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में आवंटन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस अवसर पर जिला महासचिव प्रदीप निषाद, जिला उपाध्यक्ष सुभाष राजपूत, जिला सचिव करन त्रिवेदी, तहसील अध्यक्ष कल्याण सिंह राजपूत और संगठन सचिव लल्लन शर्मा सहित कई अन्य किसान नेता उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *