बाबा बर्फानी यानी पवित्र अमरनाथ यात्रा इस साल 3 जुलाई से शुरू होगी। हाड़ौती संभाग के श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में 1 जुलाई को तालेड़ा से 160 और रावतभाटा से 125 यात्रियों का पहला जत्था बाबा के दर्शन के लिए रवाना होगा। कोटा का यह जत्था अमरनाथ में भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन भी करता है। शिव शक्ति सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि हाड़ौती क्षेत्र के श्रद्धालुओं की सेवा के लिए बालटाल में निशुल्क भंडारे का आयोजन किया जाएगा। हालांकि इस बार श्राइन बोर्ड ने केवल एक स्थान बालटाल पर ही भंडारे की अनुमति दी है, जबकि पूर्व में तीन स्थानों पर यह व्यवस्था रहती थी। इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई है। यात्रा में शामिल होने के लिए 15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। कोटा में दादाबाड़ी स्थित पंजाब नेशनल बैंक और छावनी स्थित एसबीआई बैंक में रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है। इसके लिए मेडिकल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य होंगे। इस बार अमरनाथ यात्रा में यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आरएफआईडी (RFID) आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे। ये कार्ड जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप पर बनाए जाएंगे, जिनसे यात्रियों की लोकेशन लगातार ट्रैक की जा सकेगी। इससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और सहायता पहुंचाना आसान होगा। पदाधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि हाड़ौती संभाग से हर साल हजारों श्रद्धालु यात्रा पर जाते हैं, लेकिन रजिस्ट्रेशन की सुविधा सीमित है। कोटा में केवल दो और झालावाड़ में एक बैंक में पंजीयन होता है, जहां प्रतिदिन मात्र 20 रजिस्ट्रेशन ही किए जाते हैं। ऐसे में काउंटर और रजिस्ट्रेशन संख्या बढ़ाने की मांग की गई है।
Source link