चूरू में सैन जयंती महोत्सव के तहत सोमवार दोपहर सैन मंदिर में मेहंदी और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में कुल 23 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें सात ने मेहंदी और 16 ने पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। इस दौरान छोटे बच्चों और समाज की युवतियों में काफी उत्साह देखा गया। दोपहर सवा एक बजे महिलाओं द्वारा कीर्तन भी किया गया। चूरू सैन सेवा समिति अध्यक्ष जगदीश प्रसाद अजाड़ीवाल ने बताया कि यह चार दिवसीय सैन जयंती महोत्सव का तीसरा दिन था। सोमवार रात सैन महाराज का जागरण होगा। इसमें झुंझुनूं से संत ओमनाथ महाराज, दाउदसर से बालक नाथ, उदासर से दयानाथ, खुडेरा से जीतू सैन, भवानी सरसरिया और राजेश सैनी भजनों की प्रस्तुति देंगे। मंगलवार सुबह सवा नौ बजे सैन मंदिर से सैन महाराज की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा पंचमुखी बालाजी मंदिर, मोचीवाड़ा, गढ़ चौराहा, सफेद घंटाघर और सुभाष चौक होते हुए वापस सैन मंदिर पहुंचेगी। दोपहर सवा 12 बजे मंदिर प्रांगण में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद दोपहर सवा एक बजे समाज के लोगों के लिए स्वरुचि भोज का आयोजन होगा। अध्यक्ष जगदीश प्रसाद अजाड़ीवाल ने यह भी बताया कि दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सैन प्रीमियर लीग’ में ‘सैन बॉय’ की टीम ने ‘रक्षक इलेवन’ को हराकर खिताब जीता।
Source link