सोनभद्र में 300-400 घर अब भी अंधेरे में:हर घर बिजली योजना अधूरी, ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत




सोनभद्र के ओबरा तहसील अंतर्गत ग्राम कोटा टोला, तेलगुड़वा पश्चिम के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर पहुंचकर जिलाधिकारी (डीएम) को एक पत्रक सौंपा है। ग्रामीणों ने ‘हर घर बिजली योजना’ के अधूरे रहने और लगभग 300 से 400 घरों में अब भी बिजली न होने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2020 में शुरू हुई यह योजना आज तक अधूरी पड़ी है। उनका आरोप है कि विद्युत विभाग ने कार्य को बीच में ही रोक दिया, जिसके कारण बड़ी संख्या में घर बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। बिजली न होने से गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, क्योंकि शाम होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। इसके अतिरिक्त, घरेलू कार्य, मोबाइल चार्जिंग और अन्य आवश्यक गतिविधियां भी बाधित हो रही हैं। रात के समय अंधेरा रहने से सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ ग्रामीणों के नाम से बिजली बिल भी जारी होने लगे, जबकि उन्हें अभी तक कनेक्शन नहीं मिला है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे पड़े विद्युत कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और बिना कनेक्शन के बिल भेजे जाने वाले मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *