मंदसौर में किसान हत्याकांड का खुलासा:जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी से हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार; मुख्य साजिशकर्ता फरार




मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम साखतली में हुए किसान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एडिशनल एसपी हेमलता कुरील और एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। घटना 26-27 मार्च की दरमियानी रात की है। फरियादी जीवन पाटीदार ने बताया कि उसके पिता शंकरलाल पाटीदार खेत पर बने मकान में सोने के लिए गए थे।
अगले दिन कच्चे रास्ते पर रामनिवास पाटीदार के खेत के पास उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला। गले और सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। जमीन विवाद बना हत्या की वजह प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक का अपने रिश्तेदार बालेश्वर पाटीदार से करीब 7 आरी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन था और दोनों पक्षों में लगातार तनाव बना हुआ था। एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर गठित टीम ने जांच के दौरान पाया कि घटना से एक दिन पहले अर्जुन पाटीदार ने मृतक के बेटे को धमकी दी थी। इसी आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। पूछताछ में बालेश्वर पाटीदार और नानालाल पाटीदार ने अपने जीजा अर्जुन पाटीदार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने योजना बनाकर शंकरलाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हथियार और बाइक जब्त पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और एक मोटरसाइकिल (हीरो सुपर स्प्लेंडर) जब्त की है। पुलिस ने बालेश्वर पाटीदार और नानालाल पाटीदार निवासी साखतली को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य साजिशकर्ता अर्जुन पाटीदार निवासी नाटाराम फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की है। एडिशनल एसपी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *