जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के हब्बा कदल इलाके में स्थित ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर को 36 साल बाद दोबारा खोल दिया गया। मंदिर में राम नवमी पर भव्य आयोजन हुआ। यह मंदिर कश्मीरी पंडितों के बड़े पैमाने पर पलायन (एक्सोडस) के बाद बंद कर दिया गया था और पिछले तीन दशकों से अधिक समय से बंद था। इसे कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति की वापसी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में कश्मीरी पंडित समुदाय, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन रघुनाथ मंदिर समिति द्वारा किया गया था। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में NCB ने 212 करोड़ के ड्रग्स नष्ट किए, इनमें गांजा, कोकीन और हेरोइन शामिल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दिल्ली में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 408 किलो नशीले पदार्थ नष्ट किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 212.21 करोड़ रुपए है। NCB की दिल्ली जोनल यूनिट ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत यह कार्रवाई की। इसमें कुल 39 मामलों में जब्त ड्रग्स को नष्ट किया गया, जिनमें प्री-ट्रायल और पोस्ट-ट्रायल केस शामिल हैं। नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में गांजा, कोकीन, हेरोइन, चरस और अन्य ड्रग्स शामिल हैं। NCB के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य ड्रग तस्करी पर लगाम लगाना और जब्त किए गए नशीले पदार्थों को दोबारा समाज में पहुंचने से रोकना है। महाराष्ट्र के ठाणे में साइकिलिंग कर रहे बिजनेसमैन को कार ने टक्कर मारी, मौत; नाबालिग चालक गिरफ्तार महाराष्ट्र के ठाणे में एक हिट-एंड-रन मामले में 42 साल के बिजनेसमैन की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्रीनिवास टंडले के रूप में हुई है, जो कई गारमेंट दुकानों के मालिक थे। उन्होंने मंगलवार को फिटनेस के लिए साइकिलिंग शुरू की थी। रात करीब 8 बजे कल्याण रिंग रोड जब वे साइकिल चला रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे बिजनेसमैन हवा में उछलकर सड़क पर गिरे। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, कार 17 साल का नाबालिग चला रहा था। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे बुधवार को पकड़ लिया गया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर कार की पहचान की और उसे कल्याण में आरोपी के घर की पार्किंग से बरामद किया। खडकपाड़ा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले 21 फरवरी को भी इसी तरह के हादसे में एक 50 साल का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। लोगों ने सड़क सुरक्षा के लिए जल्द बैरिकेड लगाने और अधूरे काम को पूरा करने की मांग की है। मणिपुर में कुकी उग्रवादियों ने आर्मी पोस्ट पर फायरिंग की, सेना ने भी जवाब दिया मणिपुर में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने फूल्हांग में आर्मी पोस्ट पर फायरिंग की। घटना बुधवार रात 11:40 बजे की है। इंडियन आर्मी और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की 58वीं बटालियन ने जवाबी फायरिंग की। करीब 30 मिनट तक गोलीबारी चली। गुरुवार सुबह सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। पीएम मोदी लगातार तीसरी बार दुनिया के सबसे पॉपुलर नेता बने, ट्रम्प टॉप-10 से बाहर अमेरिका की डेटा एनालिटिक्स फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के मुताबिक, ग्लोबल सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 68% अप्रूवल रेटिंग के साथ दुनिया के सबसे पॉपुलर नेता हैं। यह डेटा 2 से 8 मार्च 2026 के बीच जुटाया गया है और 7 दिन के औसत पर आधारित है। सर्वे के मुताबिक, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग 62% अप्रूवल के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 39% अप्रूवल के साथ टॉप-10 से बाहर हैं, जबकि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को 24% रेटिंग मिली। नरेंद्र मोदी मई 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने थे। जुलाई 2025 की रिपोर्ट में भी वह 75% अप्रूवल के साथ पहले स्थान पर थे। दिल्ली के दयालपुर में तीन नाबालिग लड़कों ने 16 साल के लड़के की चाकू मारकर की हत्या
पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में तीन नाबालिगों ने एक 16 वर्षीय लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह पुलिस को नेहरू विहार की गली नंबर 13 में एक लड़के के घायल होने की सूचना मिली थी। उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया। इस मामले में 13 से 17 वर्ष के बीच के तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। इनके पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए एक बच्चे ने बताया कि मृतक उनमें से एक को परेशान कर रहा था। इसी के चलते गुस्से में आकर तीनों ने उसे चाकू मार दिया। पुलिस ने तीनों किशोरों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link