शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में सोमवार को चार अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करजू के वन क्षेत्र में लगी आग ग्राम करजू में दोपहर के समय टावर के पास स्थित वन क्षेत्र में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की स्थानीय सुविधा न होने के कारण बड़ागांव से दमकल बुलानी पड़ी। 112 वाहन के पायलट संतोष मालवीय और आरक्षक अनिल यादव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर घंटों की मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। जंगल से लेकर खेत तक नुकसान आगजनी की अन्य घटनाएं सागड़िया की महादेव शिव पहाड़ी और मोहना के जंगलों में हुई। वहीं, ग्राम टिगरिया में एक किसान के खेत में आग लगने से वहां रखी टपरी और भूसा जलकर राख हो गया। आशंका जताई जा रही है कि खेत में डंठल जलाने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस जांच में जुटी मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर ने बताया कि इन घटनाओं को लेकर फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस आग लगने के सटीक कारणों और हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जानकारी जुटा रही है। शाम तक सभी स्थानों पर आग बुझा ली गई थी।
Source link