कल प्रदेशभर के प्राइवेट-हॉस्पिटलों में बंद रह सकती है सर्विस:जयपुर में डॉक्टर की गिरफ्तारी के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन राजस्थान ने किया एलान; सरकारी डॉक्टर्स से भी आंदोलन में शामिल करने का आह्वान




जयपुर के निविक हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में चिकित्सा जगत उतर गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (राजस्थान) ने 14 अप्रैल सुबह 8 से 15 अप्रेल सुबह 8 बजे तक ओपीडी, आईपीडी सेवाएं बंद रखने का आह्वान किया है। एसोसिएशन के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया- डॉ. बंसल की हुई गिरफ्तारी से राज्य के समस्त डॉक्टरों में रोष है। उन्होंने बताया- जिस प्रकरण में उन्हें गिरफ्तार किया है उसके लिए पहले बने मेडिकल बोर्ड ने किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई है। इसके बावजूद आरजीएचएस (RGHS) से संबंधित कथित लघु अनियमितताओं के आधार पर एक प्रतिष्ठित डॉक्टर के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई कर गिरफ्तारी करना अनुचित है। इस मुद्दे पर आईएमए राजस्थान ने आज एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें राज्य की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों और अन्य चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस प्रकार की कार्रवाई के विरोध में सामूहिक कदम उठाया जाएगा। इसके तहत 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक राज्य के सभी प्राइवेट हॉस्पिटल में मेडिकल फेसेलिटी बंद रखी जाए। इसमें डॉक्टर्स अपना पूरा सहयोग करेंगे। इस दौरान ओपीडी, आईपीडी के अलावा इमरजेंसी सेवाएं भी शामिल की जाए। इसके लिए प्राइवेट हॉस्पिटल के साथ प्राइवेट मेडिकल कॉलेज, पैरामेडिकल सेवाएं और अन्य संबंधित चिकित्सा सुविधाएं भी सम्मिलित करने के लिए कहा है। साथ ही आह्वान किया है कि इस आंदोलन में सरकारी चिकित्सक और सरकारी चिकित्सा संस्थानों में भी प्रतिनिधि पूर्ण हड़ताल रखे, ताकि विरोध व्यापक हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *