फाजिल्का में ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की टक्कर:एक युवक की मौत, दूसरा घायल, आरोपी ड्राइवर मौके से फरार




फाजिल्का जिले के गांव करनीखेड़ा के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर गांव ठगनी की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गुरविंदर सिंह (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सगाई में शामिल होने आया था मृतक मृतक की बहन आरती रानी ने बताया कि उनका परिवार फिरोजपुर से फाजिल्का के गांव ठगनी में एक रिश्तेदारी में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने आया हुआ था। परिवार के अन्य सदस्य ट्रेन से आए थे, जबकि गुरविंदर सिंह बाइक से आया था। पिछले दो दिनों से वे सभी गांव में ही ठहरे हुए थे और सोमवार को वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे। आरती रानी के अनुसार, गुरविंदर अपने एक साथी के साथ किसी काम से फाजिल्का गया था और वहां से वापस गांव ठगनी लौटते समय यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता पहले ही नहीं रहे और गुरविंदर ही घर का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से इंसाफ की मांग की है। आरोपी मौके से फरार वहीं, मौके पर मौजूद सरपंच लाभ सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने अचानक वाहन को फार्म हाउस की ओर मोड़ दिया, जिससे सामने से आ रही बाइक उससे टकरा गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *