शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत अहियापुर कुतोथ गांव में सोमवार दोपहर बाद गेहूं के खेत में आग लग गई। इस घटना में दो किसानों की लगभग दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अहियापुर गांव के किसान राकेश कुमार और हीरा सिंह की पुरनकी जोत खंधा स्थित पकी हुई फसल आग की चपेट में आ गई। तेज पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते फसल जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र से सब अधिकारी सौरव कुमार, सर्वजीत कुमार और गोविंद कुमार के नेतृत्व में दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह आसपास के अन्य खेतों में भी फैल सकती थी। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। इस घटना में दोनों किसानों को लगभग 70 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित किसानों और उनके परिवारों में मायूसी छा गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से सरकारी मुआवजा देने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक पखवाड़े से जिले में आग लगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। पछुआ हवा के कारण ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
Source link