इटावा के बसरेहर क्षेत्र में रविवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। कई घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने उसे नीचे उतारा और सोमवार को प्रेमी-प्रेमिका ने परिवार की मौजूदगी में मंदिर में सात फेरे लेकर शादी कर ली। पूरे घटनाक्रम का अंत शांति और सहमति के साथ हुआ। टावर पर चढ़कर शादी की मांग की रविवार दोपहर करीब 4 बजे किल्ली तिराह के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सुनील बाल्मीकि नाम का युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक विकास भवन में सफाई कर्मचारी है और वह अपनी प्रेमिका से शादी करने की मांग पर अड़ा हुआ था। उसने आरोप लगाया कि युवती के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और उसे प्रताड़ित भी करते हैं। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के समझाने पर नीचे उतरा सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की गई। युवती को भी मौके पर बुलाया गया ताकि युवक को समझाया जा सके। करीब एक घंटे तक चले इस तनावपूर्ण घटनाक्रम के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने लगातार युवक को समझाया। काफी मशक्कत के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे सुरक्षित थाने ले जाया गया।
थाने में प्रेमिका ने परिजनों के साथ जाने से मना किया थाने पहुंचने के बाद युवती के परिजनों ने उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसने साफ तौर पर मना कर दिया। बालिग होने के कारण उसने अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ रहने की बात कही। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया, ताकि मामला बिना किसी विवाद के सुलझ सके। मंदिर में हुई शादी सोमवार को दोनों पक्षों की सहमति और युवक-युवती की इच्छा के अनुसार एक स्थानीय मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया गया।
Source link