बदायूं में जमीन विवाद में महिलाओं पर लाठी से हमला,VIDEO:पुलिस की मौजूदगी में मारपीट, मुकदमा दर्ज; जांच जारी




बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में जमीन विवाद हिंसक हो गया। पुलिस की मौजूदगी में महिलाओं पर लाठियों से हमला किया गया, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
बदायूं जिले के बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के अहमदनगर असोली गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोमवार को हुए इस विवाद में महिलाओं पर लाठियों से हमला किया गया, जबकि मौके पर पुलिस भी मौजूद थी। बताया जा रहा है कि गांव में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जो अचानक बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। हालात बिगड़ते देख डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद महिलाओं पर लाठियां बरसाई जाती रहीं और पुलिस समय रहते हस्तक्षेप नहीं कर सकी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं और पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने में असफल दिख रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि पुलिस ने मौके से आरोपियों को नहीं पकड़ा। पुलिस के अनुसार, एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसी पक्ष को ज्यादा चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो वायरल करने वाले लोग भी आरोपियों में शामिल हैं, जिन्हें बुलाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया है। एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया- मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। सीओ बिल्सी केके तिवारी ने पुष्टि की कि जमीन विवाद में मारपीट हुई थी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया है और मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *