अरपा पैक्स अध्यक्ष ने लूट के प्रयास-मारपीट का आरोप लगाया:कहा- फायरिंग भी हुई; पुलिस ने गोली चलने की बात से किया इनकार




नालन्दा के परवलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम बदमाशों ने उत्पात मचाया। अरपा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि हथियारबंद बदमाशों ने धान लदे ट्रक को लूटने का प्रयास किया और उनके प्रबंधक के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके कुछ ही देर बाद, पटना से लौट रहे पैक्स अध्यक्ष की गाड़ी पर भी जानलेवा हमला करते हुए अंधाधुंध तीन राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, पुलिस ने प्रबंधक के साथ मारपीट की घटना की पुष्टि की है, लेकिन फायरिंग की घटना को फिलहाल संदिग्ध बताते हुए जांच की बात कह रही है। अरपा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम उनके प्रबंधक ओम प्रकाश कुमार भट बिगहा गांव से धान लेकर शंकरडीह स्थित आर्यन राइस मिल जा रहे थे। इसी दौरान अलावां गांव के पास 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने ट्रक को जबरन रोक लिया। वे लोग लूटपाट की नीयत से ट्रक को दूसरी तरफ ले जाने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रबंधक ओम प्रकाश के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया। अध्यक्ष के अनुसार, बदमाश प्रबंधक को धमकाते हुए पूछ रहे थे कि तेरा अध्यक्ष कहां है बताओ, नहीं तो जान से मार देंगे। बदमाशों को लगा था कि ट्रक में अध्यक्ष भी मौजूद हैं। पटना से लौट रहे अध्यक्ष की गाड़ी पर फायरिंग का दावा घटना के वक्त पैक्स अध्यक्ष पटना सचिवालय गए हुए थे। मारपीट की सूचना मिलने पर वे वापस लौट रहे थे। उनका आरोप है कि शाम करीब 7 बजे जब वे बड़ी मठ के आगे मई गांव के पास पहुंचे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं और छिटक गई। उन्होंने तेजी से गाड़ी भगाकर सीधे परवलपुर थाना परिसर में घुसा दी और अपनी जान बचाई। फिलहाल घायल प्रबंधक का परवलपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। अध्यक्ष का दावा है कि उनकी गाड़ी पर गोलियों के निशान मौजूद हैं। परवलपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि अलावां तालाब के पास प्रबंधक के साथ मारपीट की घटना हुई है, जो कि किसी पुराने विवाद का नतीजा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। जहां तक पैक्स अध्यक्ष की गाड़ी पर गोली चलने की बात है, तो अभी तक जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है। पीड़ितों की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। बयान और आवेदन मिलने के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *