रेलवे ने गर्मी में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आसनसोल-जोधपुर के बीच ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। इस पहल से जमुई जिले के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि इन विशेष ट्रेनों का ठहराव जमुई और झाझा स्टेशनों पर भी दिया गया है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 04819 जोधपुर-आसनसोल विशेष ट्रेन 14, 21 और 28 अप्रैल 2026 को जोधपुर से शाम 5:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 4:55 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 04820 आसनसोल-जोधपुर विशेष ट्रेन 16, 23 और 30 अप्रैल 2026 को आसनसोल से सुबह 7:55 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन शाम 6:45 बजे जोधपुर पहुंचेगी। प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें पटना, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन और आसनसोल शामिल हैं। जमुई और झाझा में ठहराव मिलने से स्थानीय यात्रियों को अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इन ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान (स्लीपर) और वातानुकूलित (एसी) कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे सभी वर्ग के यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी यात्रा को सुविधाजनक बनाएं।
Source link