शहर के रंगबाड़ी क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी में एक शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। जैसे ही इलाके में दुकान खुलने की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग मौके पर एकत्रित हो गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोली जा रही है, उसके आसपास कई कोचिंग-टयूशन संस्थान संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने आते हैं। इसके अलावा पास में मंदिर भी स्थित है, ऐसे में इस स्थान पर शराब की दुकान खोलना पूरी तरह अनुचित है। लोगों ने आशंका जताई कि इससे न केवल क्षेत्र का शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा, बल्कि असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी बढ़ सकती है, जिससे कॉलोनी की सुरक्षा और शांति व्यवस्था पर असर पड़ेगा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना क्षेत्र की संवेदनशीलता को समझे इस तरह के फैसले लेना गलत है। उनका कहना है कि पहले भी कई बार इस तरह के मामलों में विरोध के बाद प्रशासन को निर्णय बदलना पड़ा है, इसलिए इस बार भी लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंचाई जाएगी। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जल्द ही इस शराब की दुकान को बंद नहीं कराया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Source link