घर में पंखे से लटका मिला CISF जवान का शव:बीजपुर सीआईएसएफ कॉलोनी में लगाई फांसी, पड़ोसियों ने पुलिस बुलाई




बीजपुर (सोनभद्र) सीआईएसएफ कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक सीआईएसएफ जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 47 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र स्वर्गीय गणेश राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गाजीपुर के ग्राम बी.बी.पुर थाना वीरनो के निवासी थे। पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि अरुण कुमार सोमवार रात ड्यूटी पर गए थे और मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे अपने क्वार्टर लौटे। कुछ देर आराम करने के बाद वह फोन पर बात करने के लिए घर के बाहर गईं। थोड़ी देर बाद जब वह घर के अंदर लौटीं, तो उन्होंने अपने पति को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अरुण कुमार अपने पीछे अपनी बेटी दीप शिखा (25 वर्ष) और दो बेटों मुकेश कुमार (24 वर्ष) व आयुष कुमार (21 वर्ष) को छोड़ गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *