लखनऊ के हजरतगंज स्थित नाजा मार्केट में कंप्यूटर पार्ट्स के कारोबारियों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। व्यापारियों का आरोप है कि आइकॉन कंप्यूटर्स नाम से दुकान खोलकर दो युवकों ने करीब 50 लाख रुपए का माल उधार लेकर फरार हो गए। पीड़ितों ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
नाजा मार्केट के कारोबारी उपकार सिंह, हर्ष बंसल, सुभाष चंद्र समेत अन्य व्यापारियों ने बताया कि नवंबर 2025 में नाजा मार्केट स्थित ग्राफिक्स बिल्डिंग भोपाल हाउस लालबाग में आइकॉन कंप्यूटर्स नाम से दुकान खोली गई थी। दुकान संचालक कोटा राजस्थान निवासी कानाराम मानाराम चौधरी और धीरज खेमराम चौधरी थे। उन्होंने व्यापारियों से संपर्क किया और कंप्यूटर पार्ट्स का कारोबार शुरू किया।
व्यापारियों का कहना है शुरुआत में दोनों आरोपियों ने नगद और उधार दोनों तरीकों से माल लेना शुरू किया। धीरे-धीरे भरोसा जीतकर उन्होंने बड़ी मात्रा में सामान उधार ले लिया। करीब 50 लाख रुपए का माल लेने के बाद दोनों आरोपी दुकान बंद कर फरार हो गए।
आधार और पैन कार्ड फर्जी होने की आशंका पीड़ितों का कहना है कि आइकॉन कंप्यूटर्स नाम से एक फर्म भी रजिस्टर्ड कराई गई थी। जिसका पता 12 यूजीएफ, एफआई ग्राफिक्स, भोपाल हाउस, त्रिलोकनाथ रोड, हजरतगंज, लखनऊ दर्ज है। व्यापारियों को दिए गए आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेजों पर भी अब संदेह जताया जा रहा है कि वे फर्जी हो सकते हैं। इस गिरोह के झांसे में आकर करीब 35 व्यापारी ठगी का शिकार हुए हैं। आरोपियों के साथ 5-10 अन्य अज्ञात लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। पीड़ित व्यापारियों ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
Source link