पाली शहर के गोल निमड़ा स्थित शनिधाम स्थल पर डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती सामाजिक समरसता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन नट वादी व भाट जागृति मंच के बैनर तले महामंडलेश्वर निजस्वरूपानंद दाती महाराज के सान्निध्य में किया गया। समारोह का शुभारंभ दाती महाराज एवं अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में दाती महाराज ने कहा कि समाज को बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है। शिक्षा के माध्यम से ही जीवन के लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं और संघर्ष व्यक्ति को निखारता है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण बाबा साहेब हैं। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। आज की युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। इस दौरान राष्ट्रीयसंत सेवा गौ रक्षा कल्याण परिषद की ओर से दाती महाराज के हाथों दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, ट्राईसाइकिल और सुनने की मशीन दी गई। कार्यक्रम में भजन गायक गजेन्द्र राव ने देशभक्ति भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मां श्रद्धा, साध्वी शिवानी, साध्वी दया, अशोक भोलेचा, अर्जुन भोलेचा सहित विभिन्न जिलों से आए समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गजेन्द्र गर्ग ने किया।
Source link