बेतिया में इनरवा पुलिस पर मवेशी तस्करों से सांठगांठ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पकड़े गए तस्करी के 8 मवेशियों को पुलिस ने पशुपालकों को सौंपने के बजाय कथित तौर पर तस्करों को बेच दिया। यह घटना कई दिनों बाद उजागर हुई, जब गायों को वापस लाने से संबंधित एक वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वायरल वीडियो और ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया वायरल ऑडियो में स्पष्ट रूप से सुना जा सकता है कि इस मामले में कई लोग शामिल हैं। एक व्यक्ति इनरवा थाना की एक महिला अधिकारी से बात करवा रहा है, जिसमें महिला अधिकारी गायों के ठिकाने या संबंधित व्यक्ति के नंबर के बारे में पूछती है। दूसरा व्यक्ति इस संबंध में जानकारी होने से इनकार करता है। इसके बाद फोन करने वाला व्यक्ति कहता है कि मामला उजागर हो गया है और अब गायों की व्यवस्था करनी होगी। तब दूसरा व्यक्ति बताता है कि कंचना मैडम ने 16 हजार, डाटा ऑपरेटर ने 4 हजार और उपेंद्र सर ने 7 हजार रुपये लिए थे, इसलिए उन्हें ही व्यवस्था करनी चाहिए। मवेशियों को रुपए लेकर तस्करों को सौंप दिया गया था इस ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे चार गाय और चार बछड़ों को पकड़कर इनरवा थाना को सौंपा था। आरोप है कि चौकीदार पुत्र मो. हफाजुल के सहयोग से इन मवेशियों को रुपए लेकर तस्करों को सौंप दिया गया था। उपनिरीक्षक कंचना कुमारी अभी भी इनरवा थाना में तैनात हैं, जबकि उपनिरीक्षक उपेंद्र सर का एक सप्ताह पहले स्थानांतरण हो चुका है। इस संबंध में एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि उन्हें वायरल ऑडियो की सूचना मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है और सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link