गाजीपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना पुलिस ने कोडीन कफ सिरप से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे आरोपी शुभम सिंह द्वारा अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को अस्थायी रूप से फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई 24 नवंबर 2025 को दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं शामिल हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी शुभम सिंह ने ड्रग्स कारोबार से कमाई गई अवैध आय से अपने और अपने भाई सिद्धार्थ सिंह के नाम पर जमीन खरीदी थी। यह भूमि शादियाबाद के मौजा करंजीहरिहर, तहसील जखनियां क्षेत्र में स्थित है। कुल 0.1260 हेक्टेयर भूमि की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने SAFEEMA अधिनियम की धारा 68F के तहत कार्रवाई करते हुए इस संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त (फ्रीज) कर दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित गंभीर आपराधिक इतिहास दर्ज है और वह इस मामले में फरार चल रहा है। कोतवाली पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में ड्रग्स माफिया के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Source link