लुधियाना में मंगलवार हादसा हो गया। रूपा मिस्त्री गली में खस्ता हालत में खड़ी पुरानी दो मंजिला इमारत को गिराते समय छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान इमारत तोड़ रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मजदूर इमारत की छत पर खड़े होकर उसे तोड़ रहे थे। इसी दौरान जर्जर छत अचानक नीचे आ गिरी, जिससे जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक एक मजदूर की हालत ज्यादा गंभीर होने के चलते उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों की पहचान मजदूर नंदू और ठेकेदार विजेंद्र के रूप में हुई है। नंदू ने बताया कि वह आज ही पहले दिन काम पर आया था और रोजाना मंडी से मजदूरी के लिए जाता है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में उसके सिर पर भारी मलबा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल मामले की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है और घटना की जांच की जा रही है।
Source link