राजस्थान पुलिस का 77वां स्थापना दिवस:अल्बर्ट हॉल देशभक्ति रंग में डूबा, बैंड डिस्प्ले, लाइट शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी ने बांधा समां




राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस पर मंगलवार शाम अल्बर्ट हॉल पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम होते ही रामनिवास बाग में बड़ी संख्या में लोग जुटे और पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान बैंड डिस्प्ले के साथ अल्बर्ट हॉल पर शानदार लाइट शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी ने माहौल को और खास बना दिया। बड़ी संख्या में आमजन और पर्यटक इस आयोजन को देखने पहुंचे, जिससे पूरा इलाका देर रात तक गुलजार रहा।
वंदे मातरम से शुरुआत, देशभक्ति धुनों पर झूमे लोग
कार्यक्रम की शुरुआत “वंदे मातरम” से हुई। इसके बाद राजस्थान पुलिस के जवान पारंपरिक ड्रेस में बैंड परफॉर्म करते नजर आए। पाइप और ब्रास बैंड की धुनों पर अलग-अलग प्रस्तुतियां दी गईं। “सारे जहां से अच्छा हिंदोस्ता हमारा” की धुन बजते ही पूरा माहौल देशभक्ति से भर गया और दर्शक तालियों के साथ जवानों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
राजस्थान, पंजाब पुलिस और बीएसएफ बैंड की संयुक्त प्रस्तुति
इस मौके पर राजस्थान पुलिस बैंड के साथ पंजाब पुलिस और बीएसएफ के बैंड ने भी परफॉर्म किया। तीनों बैंड की संयुक्त प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। अलग-अलग धुनों और तालमेल ने दर्शकों को बांधे रखा।
लाइट शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी बना आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान अल्बर्ट हॉल की इमारत पर आकर्षक लाइट शो किया गया, जिसने इसकी खूबसूरती को और निखार दिया। इसके साथ ही आसमान में भव्य आतिशबाजी की गई। ड्रोन शो में राजस्थान का राजकीय पशु ऊंट समेत कई अलग-अलग आकृतियां बनाई गईं, जिन्हें देखकर लोग उत्साहित हो उठे।
वरिष्ठ अधिकारी और मुख्य सचिव भी रहे मौजूद
समारोह में राजस्थान के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन भी कार्यक्रम में शामिल हुए और पूरे आयोजन को देखा।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग, देर तक बना रहा उत्साह
कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रामनिवास बाग पहुंचे। परिवारों, युवाओं और पर्यटकों ने इस आयोजन का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साह और देशभक्ति से भरा रहा और लोग देर तक इस आयोजन का हिस्सा बने रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *