बरेली शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला इवेंट मैनेजर को व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। बिहारीपुर कसगरान की रहने वाली इवेंट मैनेजर ने एसएसपी अनुराग आर्य को प्रार्थना-पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोग उनकी व्यावसायिक सफलता से चिढ़कर उन्हें और उनके परिवार को निशाना बना रहे हैं। ग्रुप में दीं गालियां, ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर धमकाया
पीड़िता इवेंट मैनेजर, जो लड़के-लड़कियों के साथ बाउंसर सप्लाई करने का काम करती हैं, ने बताया कि आरोपी मुजाहिद, हरप्रीत और रानी उनके काम से द्वेष रखते हैं। आरोप है कि 3 अप्रैल को इन लोगों ने व्हाट्सएप ग्रुप में पीड़िता को बेहद अश्लील गालियां दीं। जब शोभा ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों का हौसला और बढ़ गया। हरप्रीत के पति ने भी फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। 112 नंबर की दखल के बाद भी जारी है दहशत
शिकायत के अनुसार, 5 अप्रैल को विवाद इतना बढ़ गया कि पीड़िता को डायल-112 पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस के आने पर मामला शांत तो हुआ, लेकिन आरोपियों की धमकियां बंद नहीं हुईं। पीड़िता ने एसएसपी को बताया कि आरोपी “सर्कस किस्म” के और बदमाश प्रवृत्ति के हैं, जिनसे उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने एसएसपी को साक्ष्य के तौर पर व्हाट्सएप रिकॉर्डिंग और मैसेज भी उपलब्ध कराए हैं। इवेंट मैनेजर का कहना है कि वह एक पढ़ी-लिखी और कानून को मानने वाली महिला हैं, लेकिन इस घटना से वह गहरे सदमे में हैं। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है।
Source link