महोबा में कानपुर-सागर हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। डाक बंगला के पास एक शराबी को बचाने के प्रयास में गिट्टी से लदा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक की सूझबूझ से शराबी की जान बच गई, हालांकि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रात के समय सड़क पर आवाजाही कम होने के कारण बड़ी जनहानि टल गई। यह घटना महोबा के कानपुर-सागर हाईवे पर रात के समय हुई। कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीपुर निवासी चालक शान मोहम्मद दिदवारा क्रेशर से गिट्टी लादकर गोंडा जा रहे थे। डाक बंगला के पास अचानक एक नशे में धुत व्यक्ति ट्रक के सामने आ गया। शान मोहम्मद ने व्यक्ति को बचाने के लिए तुरंत ट्रक को दूसरी दिशा में मोड़ा। अचानक मोड़ के कारण भारी भरकम 18 चक्का ट्रक संतुलन खोकर सड़क पर पलट गया और उसमें भरी गिट्टी हाईवे पर बिखर गई। गनीमत रही कि घटना रात में हुई, जब हाईवे पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही कम थी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। इस हादसे में चालक शान मोहम्मद और क्लीनर अच्छेलाल को मामूली चोटें आईं। जिस शराबी व्यक्ति को बचाया गया, उसे भी हल्की चोटें लगी हैं। देखें 3 तस्वीरें… हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शराबी व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। हाईवे पर ट्रक पलटने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत नियंत्रित किया। चालक शान मोहम्मद की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की जा रही है, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर एक व्यक्ति की जान बचाई।
Source link