अटरू रोड पर खड़ी बस में आग लगी, VIDEO:3 अन्य बसें जलने से बचीं, संचालक ने लगाया साजिश का आरोप




बारां के अटरू रोड स्थित भूल-भुलैया के पास मंगलवार देर रात करीब 3 बजे एक खड़ी बस में भीषण आग लग गई। हालांकि, दमकल कर्मियों की तत्परता से पास खड़ी तीन अन्य बसों को जलने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें आसपास खड़ी अन्य बसों तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर परिषद की दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए जलती बस को अन्य बसों से अलग किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में फायरमैन गोविन्द गोस्वामी, सुशील शर्मा, अंकुर कुशवाहा और खुशवंत सुमन ने अहम भूमिका निभाई। वाहन ड्राइवर रामलखन मेघवाल और धनराज सुमन ने भी सहयोग किया। सहायक अग्निशमन अधिकारी रामसिंह मीणा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इधर, बस संचालक संजय वैष्णव गोविंदा ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने द्वेषवश जानबूझकर बस में आग लगाई है। उन्होंने इस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *