प्रयागराज कॉलेज में 'नारी शक्ति वंदन' अधिनियम पर जागरूकता:छात्र-छात्राओं ने पदयात्रा, हस्ताक्षर अभियान से दिया संदेश




प्रयागराज के कुलभास्कर आश्रम पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ के समर्थन में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. गीतांजलि मौर्य के निर्देशन में हुए इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं और समाज को महिला आरक्षण तथा उनके राजनैतिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। यह कार्यक्रम मिशन-शक्ति, रोवर रेंजर्स और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत महाविद्यालय परिसर में एक हस्ताक्षर अभियान से हुई, जिसका उद्घाटन प्राचार्य प्रो. मौर्य ने स्वयं हस्ताक्षर कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. गीतांजलि मौर्य ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम महिलाओं की राजनैतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक निर्णय लेने वाली भूमिकाओं में भी सशक्त बनाएगा। प्रो. मौर्य ने छात्राओं से इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। हस्ताक्षर अभियान के उपरांत छात्र-छात्राओं ने एक पदयात्रा निकाली। इस दौरान छात्रों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर ‘नारी शक्ति’ के समर्थन में नारे लगाए। पदयात्रा के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकारों के लिए एकजुटता का संदेश दिया गया। महाविद्यालय के प्रो. सी. एस. चौबे ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना अधिकारों की समझ अधूरी है और यह महिलाओं को समाज में प्रभावी भूमिका निभाने में सक्षम बनाती है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने महिला सुरक्षा और सम्मान की शपथ ली। मिशन शक्ति की समन्वयक डॉ. श्रद्धा तिवारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *