नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में एनएच-20 पर हरदिया सेक्टर-ए के समीप एक कार और बाइक की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कार के ऊपर से उछलकर करीब 100 फीट दूर जा गिरा। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने डायल 112 को दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल बाइक सवार को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. नीतीश कुमार ने बताया कि घायल युवक की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के नोनी गांव निवासी अमीरक राजवंशी के पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पावापुरी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया सूचना मिलने पर एसआई सचिन कुमार और एएसआई पवन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्प्लेंडर प्लस बाइक (बीआर27डब्लू3085) पर सवार दो युवक हरदिया के जाजपुर गांव से गलत दिशा में आ रहे थे। वहीं, टोयटा इटियस कार (जेएच01एजेड5604) रजौली से कोडरमा की ओर जा रही थी। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक युवक नोनी गांव निवासी कुंदन कुमार था। वह जाजपुर स्थित अपनी चचेरी बहन प्रतिमा देवी के घर से वापस लौट रहा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने पुष्टि की कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है, और घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
Source link