फिरोज अली | संभल1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संभल में सोशल मीडिया पर 1 रुपए के नोट पर अपनी तस्वीर लगाकर पोस्ट शेयर करने के मामले ने तूल पकड़ लिया। विवाद बढ़ने के बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अब्दुल हकीम को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। जिसका वीडियो सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल हकीम ने अपने फेसबुक अकाउंट पर 1 रुपए के नोट पर अपनी तस्वीर लगाकर एक पोस्ट साझा की थी। पोस्ट वायरल होते ही कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से कर दी, जिसके बाद यह मामला प्रशासन तक पहुंच गया।
विवाद बढ़ने पर मांगी सार्वजनिक माफी मामले ने तूल पकड़ा तो अब्दुल हकीम कैमरे के सामने आए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यह पोस्ट उनके मोबाइल से उनके बच्चे द्वारा गलती से अपलोड हो गई थी और यह एक अनजाने में हुई भूल है।
भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी हकीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय पुलिस से माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह अपना मोबाइल बच्चों को नहीं देंगे। अब्दुल हकीम ने लोगों से अपील की कि इस मामले को अनावश्यक रूप से तूल न दिया जाए और उन्हें बदनाम न किया जाए।
इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे गंभीर मामला बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सामान्य गलती मानकर ज्यादा तूल न देने की बात कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की बात कही जा रही है।