लुधियाना जिले के पायल इलाके में एक आढ़ती की दुकान पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। यह घटना करीब 15 दिन पहले कारोबारी को मिली 1 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी के बाद हुई है। इस मामले के तार गैंगस्टर डोनी बल्ल और सिद्धू मूसेवाला से जुड़े एक पुराने केस से भी जुड़ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, देर रात दो अज्ञात हमलावर दुकान पर आए और कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गनीमत रही कि दुकान के अंदर मौजूद दो लोगों को गोली नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। 1 करोड़ की डिमांड कर दी थी धमकी जानकारी के अनुसार 15 दिन पहले इसी कारोबारी को 1 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकी भरा फोन आया था। इस संबंध में पुलिस ने पहले ही कार्रवाई करते हुए शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर सिंह सराओ को गिरफ्तार किया था। पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच में गैंगस्टर डोनी बल्ल का नाम भी सामने आया था। फायरिंग से फसल बेचने आए किसान परेशान दुकान के एक कर्मचारी ने बताया कि हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी। इस घटना से इलाके में और फसल बेचने आए किसानों में चिंता बढ़ गई है। किसानों ने कहा कि ऐसी घटनाओं से व्यापार और आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। पीड़ित के समर्थन में आई आढ़ती यूनियन आढ़ती यूनियन के वाइस प्रधान अविनाश प्रीत जल्ला ने व्यापारी के प्रति समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। डीएसपी पायल जसविंदर सिंह ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
Source link