मोहाली जिले के वीआईपी रोड स्थित एक प्रतिष्ठित सोसायटी की पांचवीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का कीमती सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की टीम ने लगभग 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण घर के मंदिर में जल रही जोत बताया जा रहा है। सोसायटी निवासी सुधीर पासी के अनुसार, यह हादसा मकान नंबर 522 में हुआ, जहां संदीप ग्रोवर अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया कि संदीप ग्रोवर शाम को मंदिर में जोत जलाकर किसी काम से नीचे गए थे। 5 लाख रुपए का नुकसान कुछ ही देर बाद फ्लैट से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंच चुका था। शुरुआती आकलन के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घर में पूजा या अन्य कारणों से जलने वाली जोत और दीयों को कभी भी बिना निगरानी के न छोड़ें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Source link